भारी बारिश व आपदा की आशंका, 30 अगस्त को जिलेभर के स्कूल बंद रहेंगे – जिलाधिकारी का आदेश

खबरें शेयर करें

संपादक दिनेश बम शैल ग्लोबल टाइम्स रुद्रपुर उत्तराखंड

रुद्रपुर। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून से प्राप्त चेतावनी के अनुसार 29 अगस्त से 4 सितम्बर 2025 तक उत्तराखंड राज्य के अधिकांश जनपदों में कहीं-कहीं भारी से अति भारी वर्षा और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। लगातार हो रही बरसात और नदियों-नालों के उफान को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन बड़ा फैसला लिया है।
जिलाधिकारी/अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया है कि 30 अगस्त 2025 (शनिवार) को जनपद के सभी शासकीय/अशासकीय सहायता प्राप्त/मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश घोषित रहेगा।
आदेश में कहा गया है कि विद्यालय बंद करने का उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, ताकि संभावित प्राकृतिक आपदा से किसी प्रकार की जनहानि न हो। यदि कोई विद्यालय इस आदेश का उल्लंघन करता है तो संबंधित प्रबंधन के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने पुलिस, स्वास्थ्य, विकास, आपूर्ति, शिक्षा व अन्य विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। साथ ही जनसंपर्क विभाग और मीडिया से अपील की गई है कि इस आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अभिभावकों और बच्चों को समय पर सूचना मिल सके।

संक्षेप में आदेश के मुख्य बिंदु:

  • 29 अगस्त से 4 सितम्बर तक भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना।
  • 30 अगस्त 2025 (शनिवार) को जिलेभर के सभी स्कूल बंद रहेंगे।
  • आदेश का उल्लंघन करने वाले विद्यालयों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
  • प्रशासन ने अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है।