स्टूडियो शैल ग्लोबल टाइम्स उत्तराखंड।
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने अपनी योग प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में देहरादून जनपद का विभिन्न वर्गों में दबदबा देखने को मिला, जहाँ ट्रेडिशनल एवं आर्टिस्टिक योग स्पर्धाओं में देहरादून की टीम ने कई प्रथम स्थान प्राप्त किए। इसके साथ ही अन्य जनपदों के खिलाड़ियों ने भी सराहनीय प्रदर्शन किया, जिनमें नैनीताल सहित कई जिले शामिल रहे।
इसी प्रतियोगिता में ऊधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज स्थित इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम गौरवान्वित किया।
आर्टिस्टिक युगल अंडर-17 वर्ग में आदर्श एवं ओम गंगवार ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं अंडर-17 एकल वर्ग में आदर्श ने द्वितीय स्थान हासिल किया।इस शानदार उपलब्धि के पीछे योग शिक्षिका भारती चंद का विशेष योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से खिलाड़ियों ने यह सफलता प्राप्त की। उनकी कोचिंग में विद्यार्थियों ने न केवल विद्यालय बल्कि पूरे ऊधम सिंह नगर जनपद का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब ये खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की योगासन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए चयनित हुए हैं, जो जिले और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।
विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में इस उपलब्धि को लेकर हर्ष का माहौल है। सभी ने खिलाड़ियों एवं योग शिक्षिका भारती चंद को बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।
भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की कामना के साथ सभी विजेता खिलाड़ियों एवं उनकी प्रशिक्षिका को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ।

