इसी के दृष्टिगत ज़िला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, उधम सिंह नगर द्वारा सभी राजकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों को 01 सितम्बर 2025 (सोमवार) को बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
उत्तराखंड राज्य के विभिन्न जनपदों में 31 अगस्त से 04 सितम्बर 2025 तक भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों में जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
जिलाधिकारी उधम सिंह नगर, नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी कर कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों को बंद रखने की सूचना अभिभावकों और जनसामान्य तक शीघ्र पहुँचाई जाए।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी वर्षा एवं बिजली गिरने की स्थिति में अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें तथा सावधानी बरतें।
📌 उल्लेखनीय है कि इस अवधि में पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव जैसी परिस्थितियाँ भी उत्पन्न हो सकती हैं। प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं।
आवश्यक सेवाओं से जुड़े अधिकारी व कर्मचारी standby पर रहेंगे, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में राहत व बचाव कार्य तुरंत संचालित किए जा सकें।
