संपादक दिनेश बम शैलग्लोबल टाइम्स रुद्रपुर उत्तराखंड |
रुद्रपुर। शहर के कौशल्या फेज-दो में एक सरकारी स्कूल की 53 वर्षीय शिक्षिका का जला हुआ शव बिस्तर पर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले को संदेहास्पद मानकर तथाकथित पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मकान नंबर 35-ए में रहने वाली शिक्षिका सुषमा पंत तलाक के बाद उत्तर प्रदेश के एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थीं। मंगलवार सुबह लगभग सात बजे पड़ोसियों ने उन्हें घर के अंदर से दीवार के ऊपर हाथ डालकर गमले में लगे गुलाब के दो फूल पूजा के लिए तोड़ते हुए देखा था। उन्होंने गुजर रहे एक पड़ोसी से नमस्ते कर हालचाल भी पूछा था।

आरोप है कि सुबह मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगाकर युवक घर से निकल गया था। लगभग साढ़े ग्यारह बजे वह वापस लौटा और पड़ोसियों को बताया कि सुषमा का जला हुआ शव बिस्तर पर पड़ा है। यह सुनते ही कालोनी में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बिस्तर भी जला हुआ मिला जिससे यह सवाल उठ रहे हैं कि आग कैसे लगी और गेट पर ताला होने के बावजूद युवक को कैसे पता चला।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अक्सर शिक्षिका को पड़ोसियों से बात करने से रोकता था और उत्पीड़न करता था। कुछ समय से सुषमा बीमार भी चल रही थीं। कॉलोनीवासियों में आक्रोश है और इस घटना को हत्या करार देते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठी है।
फोरेंसिक टीम ने स्थल से साक्ष्य एकत्र कर मकान को सील कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस प्रथमदृष्ट्या इसे हत्या का मामला मानकर विभिन्न एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

संपादक दिनेश बम शैलग्लोबल टाइम्स रुद्रपुर उत्तराखंड |

