राजधानी देहरादून के प्रेमनगर में छात्र गुटों की खूनी भिड़ंत: बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना की मौत, 15 नामजद, 3 गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

देहरादून/प्रेमनगर। उत्तरांचल विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रों के दो गुटों के बीच सोमवार रात प्रेमनगर क्षेत्र में हुई हिंसक झड़प ने एक होनहार छात्र की जान ले ली। बीटेक छात्र दिव्यांशु जाटराना, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के ग्राम अथाई (थाना भोपा) का निवासी था, इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया और उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

भोजनालय के बाहर भड़का विवाद, हथियारों से हमला

घटना केहरी गांव स्थित एक भोजनालय के बाहर हुई, जहां बीबीए और बीटेक के छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। पहले से चली आ रही रंजिश के चलते विवाद अचानक हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और फावड़े चलने लगे। इसी दौरान दिव्यांशु के सिर पर गंभीर चोट लगी।

घायल अवस्था में उसे पहले प्रेमनगर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे दून अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में एंबुलेंस खराब होने के कारण पुलिस वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी।

15 नामजद आरोपी, 3 गिरफ्तार, अन्य फरार

मामले में मंगलौर (हरिद्वार) निवासी गौरव राणा की तहरीर पर पुलिस ने 15 वर्तमान और पूर्व छात्रों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में आर्यन शर्मा, शिवम शर्मा, मधुर खंडेलवाल, अंकुर, प्रह्लाद राज, शांतनु, उज्जवल, आकाश, वैभव मिश्रा, ऋतिक राजपूत, अंकुर सिंह, वैभव शर्मा, अंकित भारद्वाज, युवराज चौहान और आदित्य राज शामिल हैं।

पुलिस ने अब तक युवराज चौहान (भोजपुर, बिहार), मधुर खंडेलवाल (रुद्रपुर) और शिवम शर्मा (पटना, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार दोनों गुटों में वर्चस्व को लेकर पहले से तनाव चल रहा था।

क्षेत्र में पुलिस का सख्त अभियान

घटना के बाद एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल और एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया।

  • हॉस्टल और पीजी में रहने वाले छात्रों का सत्यापन किया गया
  • बिना सत्यापन संचालित 8 पीजी/हॉस्टल संचालकों पर 80 हजार रुपये का जुर्माना
  • 75 संदिग्ध छात्रों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया
  • 24 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालान

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नशे या आपराधिक गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर छात्रों के साथ-साथ संचालकों पर भी कार्रवाई होगी।

पहले भी हो चुकी हैं बड़ी घटनाएं

प्रेमनगर और आसपास का क्षेत्र पहले भी छात्र हिंसा और आपराधिक घटनाओं को लेकर सुर्खियों में रहा है।