उत्तराखंड में मंत्रिमंडल का विस्तार, पांच विधायकों को मिला मंत्री पद

खबरें शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में आज एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया, जिसमें पांच विधायकों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

मंत्री पद की शपथ लेने वालों में श्री राम सिंह केड़ा , श्री खजान दास, श्री प्रदीप बत्रा, श्री भरत सिंह चौधरी और वरिष्ठ नेता श्री मदन कौशिक का नाम शामिल है। इन सभी नेताओं को संगठन और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल में स्थान दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, यह विस्तार आगामी चुनावी रणनीति और प्रशासनिक मजबूती को ध्यान में रखते हुए किया गया है। पार्टी नेतृत्व ने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है, जिससे सरकार की पकड़ और मजबूत हो सके।

हालांकि, अभी तक इन मंत्रियों के बीच विभागों (पोर्टफोलियो) का बंटवारा नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा, जिसके बाद नई जिम्मेदारियों के साथ मंत्री कामकाज संभालेंगे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस विस्तार से सरकार को नई ऊर्जा मिलेगी और विकास कार्यों में तेजी आएगी। वहीं, विपक्ष इस फैसले पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही अपनी प्रतिक्रिया दे सकता है।

(शैल ग्लोबल टाइम्स के लिए विशेष रिपोर्ट डेस्क )