उत्तरायणी–मकर संक्रांति महोत्सव 2026: रुद्रपुर बनेगा उत्तराखंड की लोक-संस्कृति का केंद्र

खबरें शेयर करें

शैल सांस्कृतिक समिति (शैल परिषद) द्वारा 13–14 जनवरी को शैल भवन, गंगापुर रोड में होगा भव्य आयोजन

रुद्रपुर। उत्तराखंड की लोक-संस्कृति, परंपरा और पर्वतीय अस्मिता को सहेजने व नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शैल सांस्कृतिक समिति रजि. (शैल परिषद) द्वारा उत्तरायणी–मकर संक्रांति (खिचड़ी त्यार) महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव 13 एवं 14 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक शैल सांस्कृतिक समिति, शैल भवन, गंगापुर रोड, रुद्रपुर (निकट मोदी मैदान) में आयोजित होगा।

समिति द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार यह महोत्सव विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कुमाऊँ एवं गढ़वाल की लोक-संस्कृति को एक साझा मंच प्रदान करेगा। कार्यक्रम में लोकगीत, लोकनृत्य, पारंपरिक वाद्ययंत्रों की प्रस्तुति, सांस्कृतिक नाट्य और पर्वतीय परंपराओं से जुड़े विविध रंगारंग आयोजन होंगे।

महोत्सव के दौरान क्षेत्रीय कलाकारों, छात्र–छात्राओं एवं सांस्कृतिक दलों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही आयोजन स्थल पर पर्वतीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजन, स्वास्थ्यवर्धक खान-पान एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त होगी।

शैल सांस्कृतिक समिति (शैल परिषद) ने रुद्रपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों और आमजन से इस सांस्कृतिक महोत्सव में सपरिवार भाग लेकर उत्तरायणी पर्व की गरिमा को और ऊंचाइयों तक पहुंचाने की अपील की है।

शैल ग्लोबल टाइम्स रुद्रपुर उत्तराखंड

Screenshot