रुद्रपुर में भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन, नगरवासियों को आमंत्रण

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर। चैत शुक्ल प्रतिपदा नवसंवत्सर के पावन अवसर पर रुद्रपुर शहर में एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम नंदनवन परिवार एवं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, भूरारानी सेवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।

कार्यक्रम आगामी 25 मार्च 2026 (बुधवार) को सायं 6 बजे से सिटी क्लब, रुद्रपुर (उत्तराखंड) में आयोजित किया जाएगा। इस सांस्कृतिक आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कवि अपनी प्रस्तुति देंगे, जिससे साहित्य प्रेमियों को एक उत्कृष्ट काव्य संध्या का अनुभव मिलेगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक माननीय राजकुमार ठुकराल उपस्थित रहेंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में दर्जा राज्य मंत्री माननीय उत्तम दत्ता कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं भाजपा नेता माननीय भारत भूषण चुघ द्वारा की जाएगी।

कवि सम्मेलन में प्रमुख रूप से राहुल शर्मा (मुरादाबाद), उपेंद्र पांडेय (दिल्ली), नागेश शांडिल्य (वाराणसी), त्यागी अशोक कृष्णम (संभल), काव्य श्री जैन (बाजपुर), डॉ. जयंत शाह (रुद्रपुर) एवं लड्डू लड्ड (फिरोजाबाद) जैसे जाने-माने कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

आयोजकों ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के उपरांत जलपान की भी व्यवस्था की गई है।

शहर के सभी साहित्य प्रेमियों एवं नगरवासियों से इस भव्य कवि सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की गई है।