रुद्रपुर/देहरादून, शैल ग्लोबल टाइम्स।
उत्तराखंड शासन द्वारा 28 मार्च 2026 को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक “अर्थ ऑवर” मनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। इस दौरान प्रदेशभर में एक घंटे के लिए सभी गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी जाएंगी, ताकि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा सके।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि यह अभियान विश्व स्तर पर प्रकृति संरक्षण के उद्देश्य से चलाया जाता है। इस पहल के तहत आम जनता, सरकारी विभागों, संस्थानों और निजी संगठनों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय में बिजली की अनावश्यक खपत को रोकें और इस वैश्विक अभियान में सहभागी बनें।

यह कार्यक्रम WWF India Secretariat के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता फैलाना है।
शासन ने सभी विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और निर्धारित समय पर इसका पालन सुनिश्चित कराएं।
शासन का मानना है कि इस छोटे से प्रयास से न केवल ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी।
न्यूज़ डेस्क शैल ग्लोबल टाइम्स रुद्रपुर उत्तराखण्ड ।

